संत हिरदाराम नगर। लोकसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन के साथ ही बैरागढ़ के व्यापारिक संगठन भी आगे आए हैं। प्रशासन की पहल पर बर्तन व्यापारी संघ ने बैरागढ़ के प्रत्येक बूथ पर दिन में तीन बार लक्की ड्रा निकालकर मतदाताओं को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
बर्तन व्यापारी संघ की जिला प्रशासन के साथ हुई बैठक में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने पर जोर दिया गया। संघ के अध्यक्ष रामचंद मूलचंदानी ने बताया किबैरागढ़ के अधिकांश बूथों पर संघ के सदस्य मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। यहां 50 बूथों पर दिन में तीन पर लक्की ड्रा निकाला जाएगा। मतदान करने वाले किसी एक मतदाता को इंसुलेटेड पीवीसी बोतल पुरस्कार के रूप में दी जाएगी। प्रत्येक बूथ पर सुबह 10 बजे, दोपहर दो बजे एवं शाम पांच बजे ड्रा निकाला जाएगा। संघ के पदाधिकारी जवाहर मूलचंदानी, भगवान तेजवानी एवं रामचंद आदि ने सभी मतदाताओं से मतदान का कर्तव्य निभाने की अपील की है।
कपड़ा बाजार बंद, अपील जारी
कपड़ा व्यापारी संघ ने सात मई को चुनाव के दिन बैरागढ़ बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है। संघ के अध्यक्ष कन्हैया इसरानी एवं महासचिव दिनेश वाधवानी ने सभी सदस्यों से आग्रह किया है किसबसे पहले वे पूरे परिवार के साथ मतदान करें, इसके बाद दूसरे मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करें। संघ के सदस्य घर-घर जाकर मतदाताओं को वोट देने के लिए प्रेरित करेंगे। मतदाताओं को मतदान पर्ची निकलवाने में भी मदद की जाएगी। संस्कार संस्था ने भी जन जागरण अभियान शुरू किया है। संस्था के सचिव बसंत चेलानी ने युवाओं को मतदान करने की शपथ दिलाई है। संस्था के अध्यक्ष सुशील वासवानी ने कहा है किलोकतंत्र में मतदान करना हमारा दायित्व है। यह राष्ट्रधर्म निभाने की तरह है। यह धर्म हम सबको निभाना है।