आईपीएल 2026 के रोमांचक आगाज में अब दो हफ्ते से भी कम का समय बचा है। सभी 10 टीमों ने मैदान पर पसीना बहाना शुरू कर दिया है लेकिन इस बीच चोट यानी कि इंजरी ने कई दिग्गजों के अरमानों पर पानी फेर दिया है। सीजन शुरू होने से पहले ही कुछ फ्रैंचाइजी अपने मुख्य हथियारों को खोने की कगार पर हैं। पैट कमिंस और जोश हेजलवुड जैसे ऑस्ट्रेलियाई दिग्गजों से लेकर श्रीलंका के स्टार गेंदबाजों तक चोट की मार ने लीग का समीकरण बिगाड़ दिया है। आगे हम ऐसे ही 5 खिलाड़ियों की बात करने वाले हैं जो इस साल आईपीएल से पहले चोट से जूझ रहे हैं।हर्षित राणा (कोलकाता नाइट राइडर्स)
भारतीय तेज गेंदबाजी के उभरते सितारे हर्षित राणा का आईपीएल 2026 से बाहर होना लगभग निश्चित है। हाल ही में बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स के दौरान उन्हें बैसाखियों के सहारे देखा गया जिसने केकेआर के फैंस को निराश कर दिया है। हर्षित फरवरी 2026 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वर्ल्ड कप वॉर्म-अप मैच के दौरान चोटिल हो गए थे जिसके बाद उन्हें भारतीय टीम से भी बाहर होना पड़ा था।
जोश हेजलवुड (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु)
आरसीबी के खिताबी सफर के हीरो रहे जोश हेजलवुड की फिटनेस भी टीम के लिए सिरदर्द बनी हुई है। नवंबर 2025 से मैदान से दूर चल रहे हेजलवुड टी20 वर्ल्ड कप 2026 भी नहीं खेल पाए थे। बेंगलुरु के तेज गेंदबाजी आक्रमण की धुरी माने जाने वाले हेजलवुड अगर समय पर फिट नहीं होते हैं तो आरसीबी को अपनी गेंदबाजी रणनीति में बड़ा बदलाव करना होगा।
पैट कमिंस (सनराइजर्स हैदराबाद)
हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस का शुरुआती मैचों से बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है। कमिंस ने दिसंबर 2025 के बाद से कोई मैच नहीं खेला है। उनकी गैरमौजूदगी में कप्तानी की जिम्मेदारी ईशान किशन या अभिषेक शर्मा के कंधों पर आ सकती है। हैदराबाद के लिए यह एक बड़ा झटका है क्योंकि कमिंस न केवल उनके मुख्य गेंदबाज हैं बल्कि उनकी कप्तानी में टीम ने 2024 में फाइनल तक का सफर तय किया था।
वानिंदु हसरंगा (लखनऊ सुपर जायंट्स)
लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपनी स्पिन विभाग को मजबूती देने के लिए वानिंदु हसरंगा पर दांव लगाया था। हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप के दौरान लगी चोट ने इस श्रीलंकाई ऑलराउंडर की रिकवरी को मुश्किल बना दिया है। फिलहाल उनकी फिटनेस को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि वे इस सीजन के एक बड़े हिस्से या शायद पूरे टूर्नामेंट से दूर रह सकते हैं।
मथीशा पथिराना (कोलकाता नाइट राइडर्स)
केकेआर ने नीलामी में 18 करोड़ रुपये की भारी रकम खर्च कर श्रीलंका के मथीशा पथिराना को अपने साथ जोड़ा था। लेकिन टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान लगी चोट ने पथिराना की उपलब्धता पर सवालिया निशान लगा दिया है। अगर वे टूर्नामेंट से बाहर होते हैं तो यह केकेआर के लिए इस सीजन का सबसे महंगा और बड़ा नुकसान साबित होगा।